बिहार में कड़ी सुरक्षा के बीच 10वीं की परीक्षा शुरू

पटना, 11 मार्च (आईएएनएस)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित मैट्रिक (10वीं) की परीक्षा शुक्रवार से शुरू हो गई। इसके तहत सुरक्षा व्यवस्था के भी पूरे इंतजाम किए गए हैं।

इस परीक्षा के लिए राज्यभर में कुल 1,309 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

इस परीक्षा में राज्यभर से 15 लाख 73 हजार 498 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिसमें 8,53,221 छात्र और 7,20,277 छात्राएं हैं। पिछले वर्ष से करीब डेढ़ लाख अधिक विद्यार्थी इस वर्ष परीक्षा दे रहे हैं।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष प्रो़ लालकेश्वर प्रसाद ने बताया कि 10वीं की परीक्षा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परीक्षा हॉल के अंदर और बाहर वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।

सुबह परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व केंद्रों पर अभिभावकों की भीड़ देखी गई थी, पर परीक्षा प्रारंभ होने के बाद भीड़ छंट गई। इधर, राज्य के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि परीक्षा हॉल में किसी भी प्रकार का कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

समिति ने हर प्रकार की समस्याओं की सूचना के लिए एक नियंत्रण कक्ष बनाया है। अभिभावक, छात्र या शिक्षा विभाग का कोई पदाधिकारी नियंत्रण कक्ष से कोई भी जानकारी प्राप्त कर सकता है। परीक्षा 18 मार्च तक चलेगी।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष मैट्रिक की परीक्षा के दौरान नकल की घटना से पूरे बिहार की बदनामी हुई थी। चार मंजिला इमारत पर चढ़कर नकल कराने की फोटो देश और विदेश की मीडिया में प्रकाशित हुई थी तथा यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493