बिहार में कम हो रहा अपराध : नीतीश

मुजफ्फरपुर, 28 मई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में अपराध बढ़ने के विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए शनिवार को कहा कि यहां आपराधिक घटनाओं में निरंतर कमी आ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन घटनाओं को लेकर ढोल पीटा जाता है, उन सभी में शामिल आरोपियों को सजा मिल रही है।

यहां पुलिस लाइन मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नीतीश ने कहा कि पूरे देश की निगाह बिहार पर है। शराबबंदी के सफल अभियान से देशभर में जो संदेश गया है, उससे विरोधी पक्ष की नींद उड़ी हुई है और इसलिए बेबुनियाद बयान देकर बिहार को पीछे धकेलने की कोशिश कर रहे हैं।

शराबबंदी पर महिलाओं की सोच को ‘मौन क्रांति’ बताते हुए नीतीश ने कहा कि इससे बिहार न केवल आगे बढ़ेगा, बल्कि पूरे देश का मार्गदर्शन भी करेगा।

किसी भी राजनीतिक पार्टी का नाम लिए बगैर मुख्यमंत्री ने कहा, “महिलाओं का विकास देखकर उनके पेट में दर्द हो रहा है।”

नीतीश ने कहा कि बिहार के लोग हर साल 13 से 14 हजार करोड़ रुपये की शराब पीते थे और परिवार बर्बाद होते थे, लेकिन महिलाओं के विकास से समाज बदल रहा है।

कार्यक्रम स्थल से मुख्यमंत्री के प्रस्थान के दौरान ‘पासी’ समाज के लोगों ने ताड़ी पर प्रतिबंध लगाने के विरोध में जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493