बिहार में छात्र की हत्या के विरोध में गया बंद

गया, 9 मई (आईएएनएस)। बिहार के गया शहर में छात्र आदित्य सचदेवा की हत्या के विरोध में और जनता दल (युनाइटेड) की विधानपार्षद के आरोपी बेटे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को गया बंद का आह्वान किया गया है।

बंद को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता सुबह से ही सड़कों पर उतर आए हैं। बंद का मिलाजुला असर देखने को मिल रहा है।

राजनीतिक कार्यकर्ताओं, कारोबारियों और आम लोगों की भीड़ ने विभिन्न जगहों पर सड़कों को अवरुद्घ कर दिया है। सड़कों पर आगजनी भी की गई। लोग पुलिस और सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं।

इस बंद को गया ‘चैंबर ऑफ कामर्स’ का भी समर्थन प्राप्त है। शहर के अधिकांश दुकानदार अपनी दुकानों को बंद कर सड़क पर उतर आए हैं।

बंद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सहित राजग के सभी घटक दल शामिल हैं।

गौरतलब है कि शनिवार देर रात बोधगया से लौट रहे जद (यू) विधानपार्षद मनोरमा देवी के बेटे रॉकी की लैंड रोवर क्रूज को एक व्यवसायी के बेटे आदित्य सचदेवा द्वारा ओवरटेक करने के बाद दोनों में कहासुनी हो गई थी और विवाद गहरा गया था, जिसके बाद रॉकी ने कथित तौर पर आदित्य को गोली मार दी। बुरी तरह घायल आदित्य की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।

इस मामले में आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। गया की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गरिमा मलिक ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई ठिकानों पर छापेमारी की है। रॉकी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अन्य राज्यों में भी दबिश दे रही हैं।

इस मामले में पूछताछ के लिए रॉकी के पिता बिंदी यादव और विधानपार्षद के एक अंगरक्षक राजेश कुमार को हिरासत में लिया गया है। बिंदी यादव की पृष्ठभूमि आपराधिक है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493