बिहार में जद (यू) नेता के घर पर गोलीबारी, 3 गिरफ्तार

मोतिहारी, 24 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात करीब बीस की संख्या में आए बदमाशों ने बिहार में सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) के एक नेता के घर पर हमला बोल दिया और अंधाधुंध गोलीबारी की। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, शहर के चांदमारी मोहल्ला स्थित जद (यू) के संगठन सचिव और सहायक लोक अभियोजक दीपक पटेल के घर पर बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। गोलीबारी की आवाज सुनकर पड़ोस के लोग भी इकट्ठे हो गए। भीड़ जुटने के बाद बदमाश भागने लगे। ग्रामीणों ने भाग रहे तीन बदमाशों को पकड़ लिया और उन्हें पुलिस को सौंप दिया।

नगर थाना के प्रभारी आनंद कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से चार बाइक और दो खोखा बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है जिसमें छह लोगों को नामजद और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया हैं।

उन्हें बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493