पणजी, 26 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री श्रीपद नाइक ने यहां मंगलवार को कहा कि बिहार में विश्व के सबसे बड़े मंदिर का निर्माण होने जा रहा है, जिसके लिए मुस्लिमों ने भी जमीन दान दी है। इससे अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की प्रेरणा मिल सकती है।
नाइक ने हालांकि कहा कि इस मंदिर के निर्माण में अभी समय लगेगा, क्योंकि यह काफी पेचीदा मुद्दा है।
नाइक ने पणजी में पार्टी के मुख्यालय में मीडिया संवाददाताओं को संबोधित करते हुए राम मंदिर के निर्माण को राष्ट्रीय कार्य बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार मंदिर के निर्माण के लिए संगठनों की मदद करती रहेगी।
नाइक ने कहा, “आपने ऐसी खबरें सुनी होंगी कि एक समुदाय विशेष ने मंदिर निर्माण के लिए अपनी जमान दान दी है। सरकार का प्रयास इस समस्या को मिलकर हल करने का होगा।”
नाइक ने पिछले सप्ताह समाचारपत्रों में प्रकाशित उन खबरों के संदर्भ में यह बात कही कि बिहार में महावीर मंदिर ट्रस्ट द्वारा विश्व के सबसे बड़े मंदिर के प्रस्तावित निर्माण के लिए कुछ मुस्लिमों ने भूमि दान की है।
नाइक ने कहा, “राम मंदिर का निर्माण करना सरकार का कार्य नहीं है, लेकिन हम देशवासियों की भावनाओं को ध्यान में रख जो भी मदद कर सकते हैं, करने के लिए तैयार हैं। यहां अन्य संगठन भी हैं, जो वास्तविक निर्माण कार्य कर रहे हैं। इसमें केंद्र सरकार मदद करेगी, क्योंकि यह एक राष्ट्रीय कार्य है।”
dharmpath.com dharmpath