पटना, 8 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार में राजधानी पटना सहित पूरे राज्य में पछुआ हवा चलने और कोहरे के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। इस दौरान गुरुवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के तापमान में गिरावट के आसार जताए हैं।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के एक वैज्ञानिक के मुताबिक, “हवा में नमी के कारण अगले एक-दो दिनों तक सुबह कोहरे का असर रहेगा। शनिवार से हवा और रफ्तार पकड़ेगी, जिससे ठंड बढ़ सकती है।”
केन्द्र के अनुसार पटना और भागलपुर का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री, गया का 10.7 डिग्री तथा पूर्णिया का 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना का गुरुवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है।
वहीं, एक दिन पहले बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री, भागलपुर का 24.5 डिग्री और गया का 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath