बेगूसराय, 22 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के बेगूसराय जिले के खोदावनपुर थाना क्षेत्र में राज्य के पूर्व मंत्री वैद्यनाथ सहनी की बेटी की पत्थर से मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतका के ससुरालियों पर लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, समस्तीपुर जिला निवासी पूर्व मंत्री सहनी की बेटी संगीता देवी की शादी बेगूसराय के बारा गांव निवासी संतोष सहनी के साथ करीब 16 वर्ष पूर्व हुई थी। संतोष की पिछले वर्ष नवंबर में बीमारी से मौत हो गई थी।
आरोप है कि ससुराल में प्रताड़ित किए जाने के कारण संगीता अपने मायके चली गई थी, लेकिन कुछ दिन पूर्व ही ससुराल के लोगों ने एक पूजा में शामिल होने का बहाना बनाकर उसे वापस ले आए थे। इसी क्रम में 20 जुलाई को उसे पत्थर से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घायल संगीता की गुरुवार की रात इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक रंजीत कुमार मिश्र ने शुक्रवार को बताया कि पूर्व मंत्री के लिखित बयान के आधार पर खोदावनपुर थाना में संपत्ति हड़पने की नीयत से हत्या करने का आरोप लगाते हुए एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसमें मृतका के ससुर बिनो सहनी सहित पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath