बिहार में बनी शराब पी रहे झारखंड, अरुणाचल के लोग

पटना, 4 जून (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार झारखंड में शराबबंदी की मांग को लेकर लगातार झारखंड सरकार पर निशाना साधते रहे हैं, लेकिन झारखंड के लोग बिहार में बनी शराब पी रहे हैं।

बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद राज्य में बनी शराब झारखंड के अलावा, अरुणाचल प्रदेश भी भेजी जा रही है। इसका खुलासा सूचना के अधिकार के तहत पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के जवाब से हुआ है।

सूचना का अधिकार के तहत नवल किशोर सिंह द्वारा पूछे गए प्रश्नों के जवाब में उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने बताया है कि बिहार में शराबबंदी के बाद से अब तक 8,66,520 लीटर विदेशी शराब दूसरे राज्यों में भेजी जा चुकी है। इसी तरह 2़34 लाख लीटर बीयर भी दूसरे राज्यों को भेजी जा चुकी है।

जवाब में कहा गया है कि पिछले दो महीने के दौरान बिहार सरकार को शराब भेजने के एवज में 16,93,200 रुपये की आमदनी हुई है।

विभाग द्वारा दिए गए जवाब में स्पष्ट कहा गया है कि पटना के कालूसबर्ग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा झारखंड को 10,10,880 लीटर बीयर भेजी गई है।

उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार पिछले महीने झारखंड की राजधानी रांची और धनबाद में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य सरकार से प्रदेश में शराबबंदी की मांग कर चुके हैं। कई सार्वजनिक सभाओं में भी मुख्यमंत्री आरोप लगा चुके हैं कि बिहार में शराबबंदी के बाद झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब की खपत बढ़ गई है।

बिहार में पांच अप्रैल से पूर्ण शराबबंदी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493