पटना, 25 मई (आईएएनएस)। नेपाल में भूस्खलन के कारण रुका काली गंडकी नदी का पानी फिर बहने लगा है, जिससे बिहार में बाढ़ का खतरा फिलहाल टल गया है। हालांकि इससे पहले सोमवार को राज्य के पांच जिलों में बाढ़ के खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया था।
नेपाल में पिछले दिनों लगातार आए भूकंप के कारण हुए भूस्खलन से म्याग्दी जिले में बेनीबाजार के पास काली गंडकी नदी का मार्ग बाधित हो गया था, जिससे वहां झील जैसी संरचना का निर्माण हो गया था। अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि इस झील या बांध के टूटने से बिहार में गंडक नदी का जलस्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ेगा, जिससे बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो सकता है।
इसके मद्देनजर बिहार के पूर्वी चम्पारण, पश्चिमी चम्पारण, गोपालगंज, सीवान और सारण जिलों में बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी किया गया।
बिहार के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा, “हमने संबंधित जिला अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है और किसी भी आपदा से निपटने के लिए पहले से तैयारी करने के लिए कहा है।”
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने अधिकारियों को कोसी नदी के किनारे बसे चार जिलों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए कहा है।
गौरतलब है कि गंडक कोसी की सहायक नदी है और गंडक में बाढ़ आने से कोसी का जलस्तर भी बढ़ने का खतरा है।
अधिकारियों ने कहा कि गंडक नदी क्षेत्र के निचले इलाकों में रहने वाले हजारों लोग जलस्तर बढ़ने से सबसे पहले प्रभावित होंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जहां नदी का मार्ग बाधित हुआ है, वह स्थान बिहार की सीमा से काफी दूर है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।
dharmpath.com dharmpath