पटना, 30 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने के आसार जताए हैं।
पटना और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को भी बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले 24 से 48 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहने तथा हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान हालांकि राज्य में भारी बारिश की उम्मीद नहीं है।
पटना में बारिश के कारण कई जगहों पर हुए जलभराव से जिला प्रशासन ने सोमवार को राजधानी के सभी निजी और सरकारी स्कूलों कां बंद रखने का आदेश दिया है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, गया का सोमवार को न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री, भागलपुर का 25.3 डिग्री और पूर्णिया का 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
पटना का रविवार का अधिकतम पारा 28.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे के दौरान भागलपुर में 36.80 मिलीमीटर जबकि पटना में 11.60 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।
dharmpath.com dharmpath