बिहार में बिजली का तार घर की छत पर गिरा, 6 मरे (लीड-1)

मुजफ्फरपुर, 5 मई (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में हाईवोल्टेज का बिजली का तार गिरने से एक घर में आग लग गई, जिससे परिवार के छह लोगों की जलकर मौत हो गई। मृतकों में पांच महिलाएं हैं। इधर, जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपये देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार, बेनीबाद गांव के मांझी टोला निवासी हरीशचंद्र मांझी के घर पर बुधवार देर रात हाईवोल्टेज बिजली का एक तार गिर गया था, जिससे घर में आग लग गई। उस वक्त परिवार के सभी सदस्य सोए हुए थे।

एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि मृतकों में हरीशचंद्र मांझी, पत्नी भाला देवी, भाभी प्रमिला देवी, बेटी पूनम कुमारी, भांजी काजल और अंजलि शामिल हैं।

घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने गुरुवार सुबह जमकर हंगामा किया। आक्रोशित भीड़ ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-75 पर जाम लगाया और सरकार व बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए पुलिस बराबर गश्त लगा रही है।

मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी धर्मेद्र सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा और शवों के दाह संस्कार की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493