सासाराम, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। बिहार के जमुई जिले में भगवान महावीर की मूर्ति चोरी का मामला अभी पूरी तरह सुलझा भी नहीं है कि मूर्ति चोरों ने रोहतास जिले के विक्रमगंज थाना क्षेत्र के एक मंदिर से अष्टधातु की दो मूर्तियां चुरा ली और फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार की शाम एक साधु जो खुद को तिलौथु का निवासी बताया था, शिवपुर गांव स्थित ठाकुरबाड़ी (मंदिर) में रुका था। इसके बाद शुक्रवार सुबह जब मंदिर का दरवाजा खोला गया तो मंदिर से दो मूर्तियां गायब थीं और वह साधु भी मंदिर से लापता था।
विक्रमगंज के थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि चोरों ने मंदिर से अष्टधातु से निर्मित भगवान लक्ष्मण और मां सीता की मूर्ति को उठा ले गए हैं।
उन्होंने बताया कि मंदिर के पुजारी के बयान के आधार पर विक्रमगंज थाने में मूर्ति चोरी की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब 71 वर्ष पुराना यह ठाकुरबाड़ी अतिथि सत्कार के लिए क्षेत्र में चर्चित रहा है। यहां रात्रि पहर में आए किसी भी व्यक्ति को ठहरने का निवेदन किया जाता है।
dharmpath.com dharmpath