बिहार में मुखिया पुत्र की चाकू गोदकर हत्या

पटना, 20 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक मुखिया के पुत्र की चाकू गोदकर हत्या कर दी। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की रात परसौनी ग्राम पंचायत के मुखिया उमाशंकर यादव के पुत्र विकास कुमार (18) अपने एक दोस्त के साथ किसी काम से बेलबाग मुहल्ले में गया था। इसी दौरान बदमाशों ने विकास के सीने में चाकू मार दी जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। उसे बचाने के क्रम में सोनू को भी चोट लगी।

नगर थाना प्रभारी नित्यानंद चौहान ने शनिवार को बताया कि आनन-फानन में ग्रामीणों ने दोनों घायलों को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान विकास की मौत हो गई।

चौहान ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में एक नौवीं कक्षा के छात्र रौनक की अगवा कर हत्या कर दी गई थी जबकि पश्चिमी चंपारण जिले के कालीबाग सहायक थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल में यूकेजी में पढ़ने वाले छात्र की हत्या कर दी गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493