पटना, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में तेज रफ्तार से बाइक चलाने और सड़क पर स्टंट करने में दो मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब दो बजे रूपसपुर थाना क्षेत्र के रुकनपुरा फ्लाईओवर पर दो बाइकों की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि इस दुर्घटना में घटनास्थल पर ही दो युवकों की मौत हो गई थी, जबकि एक युवक ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान दानापुर के राहुल और गोलू व गर्दनीबाग के रोहन कुमार के रूप में की गई है।
दुर्घटना का कारण बाइक का तेज गति से गलत लेन में आना बताया जा रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath