बिहार में राजद 20, कांग्रेस 9 सीटों पर लड़ेगी, मांझी गया से प्रत्याशी (लीड-1)

पटना, 22 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में होली के अगले दिन विपक्षी दलों के महागठबंधन ने लोकसभा की सीटों के बंटवारे का ऐलान किया। शुक्रवार को सीटों की घोषणा करते हुए प्रथम चरण में मतदान वाली चार सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी गई। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी गया संसदीय सीट से प्रत्याशी होंगे।

बिहार महागठबंधन के नेताओं ने यहां संयुक्त संवाददाता सम्म्ेालन में कहा कि बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से राजद 20 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा, जबकि कांग्रेस नौ सीटों पर लड़ेगी। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) को पांच, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) व विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को तीन-तीन सीटें दी गई हैं। भाकपा (माले) को राजद कोटे से एक सीट दी गई है।

संवाददाता सम्मेलन में राजद के मनोज झा और प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, हम के दानिश रिजवान, रालोसपा के सत्यानंद दांगी और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा शामिल हुए।

पूर्वे ने कहा कि पहले चरण में जिन चार लोकसभा सीटों के लिए मतदान होना है, उसमें गया लोकसभा क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री और ‘हम’ के प्रमुख जीतन राम मांझी को प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि नवादा में राजद की ओर से विभा देवी महागठबंधन की उम्मीदवार होंगी। इसी तरह जमुई लोकसभा सीट से रालोसपा के नेता भूदेव चौधरी तथा औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र से ‘हम’ के नेता उपेंद्र प्रसाद को टिकट दिया गया है।

पहले चरण में बिहार की चार सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान होना है।

इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर महागठबंधन में शामिल सभी दलों के वरिष्ठ नेताओं की लंबी बैठक हुई।

उल्लेखनीय है कि बिहार में कुल 40 लोकसभा सीटों पर 7 चरणों में चुनाव होंगे। बिहार में 11 अप्रैल, 18 अप्रैल, 23 अप्रैल, 29 अप्रैल, 6 मई, 12 मई और 19 मई को मतदान होगा। 23 मई को वोटों की गिनती होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493