पटना, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा होने के ठीक पूर्व राज्य सरकार के सभी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में छह प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी।
मुख्यमंत्री का यह फैसला बिहार के मतदाताओं को खुश करने के लिए माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने हालांकि कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महंगाई भत्ता बढ़ाए जाने जैसा ही राज्य सरकार के कर्मियों के महंगाई भत्ते में वृद्घि करने का फैसला पुराना था। इसमें कुछ भी नया नहीं है।
एक अधिकारी के अनुसार, बढ़ा महंगाई भत्ता पहली जुलाई से प्रभावी माना जाएगा। इससे पहले, सरकार ने अप्रैल में महंगाई भत्ते की दर छह प्रतिशत बढ़ाकर 113 प्रतिशत की थी और उसे जनवरी से लागू किया गया था।
महंगाई भत्ते में वृद्घि छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप है। इससे 48 लाख सरकारी कर्मचारी और 55 लाख पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे।
केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते की दर छह प्रतिशत बढ़कर 119 प्रतिशत कर दिया है।
dharmpath.com dharmpath