बिहार में रामनवमी पर महावीरी झंडों से पटे इलाके

पटना, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में रामनवमी को लेकर पटना सहित राज्य के सभी इलाके महावीरी ध्वज, बैनर, रामनाम पताका और तोरण द्वार से सजे नजर आ रहे हैं। रामनवमी को लेकर पटना जंक्शन के पास स्थित महावीर मंदिर में विशेष व्यवस्था की गई है।

इसके साथ ही राज्य भर में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। राज्य के शहर, गांव हर जगह रामनवमी को लेकर ‘राममय’ नजारा देखने को मिल रहा है।

पटना में इस वर्ष रामनवमी के मौके पर बुधवार को शोभायात्रा निकाली जाएगी। सभी शोभा यात्राओं का मिलन डाकबंगला चौराहे पर होगा, जहां भगवान की आरती की जाएगी।

पटना रामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति के अध्यक्ष और विधायक नितिन नवीन ने बताया कि इस वर्ष रामनवमी के मौके पर शहर के 26 स्थलों से शोभायात्राएं निकाली जाएंगी।

वहीं, पटना के प्रसिद्घ महावीर मंदिर में भी रामनवमी को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। महावीर मंदिर का पट बुधवार तड़के दो बजे खोल दिया जाएगा, जबकि प्रसाद के लिए नैवेद्यम लड्डू की आपूर्ति बढ़ाई गई है।

महावीर मंदिर न्यास समिति के प्रमुख आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि इस वर्ष महावीर मंदिर के प्रमुख द्वार के पास नैवद्यम लड्डू का कोई स्टॉल नहीं रहेगा। इस वर्ष 21 क्विंटल से ज्यादा नैवेद्यम (प्रसाद के लिए विशेष प्रकार का लड्डु) की बिक्री होने का अनुमान है।

उन्होंने बताया कि मंदिर में बुधवार को 12 बजे दिन में राम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद मंदिर के तीनों ध्वज बदले जाएंगे।

मंदिर प्रशासन को रामनवमी के दिन यहां कम से कम चार लाख श्रद्घालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

रामनवमी को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। राजधानी के सभी मुख्य मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे के जरिये निगरानी की जाएगी। इसके अलावा जगह-जगह पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

बिहार के पुलिस महानिदेशक पी. के. ठाकुर ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को रामनवमी को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात करने तथा सभी क्षेत्रों में गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बिना अनुमति के कहीं भी शोभा यात्रा या जुलूस नहीं निकाला जाएगा।

पटना के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रामनवमी के मद्देनजर पुलिस गश्त भी बढ़ाई गई है व परिवहन व्यवस्था में भी परिवर्तन किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493