सीतामढ़ी, 12 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के सीतामढ़ी जिले के पुपरी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक अनियंत्रित वाहन ने मस्जिद से नमाज पढ़कर निकल रहे चार लोगों को कुचल दिया, जिससे तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुपरी के थाना प्रभारी क़े एल़ शर्मा ने बताया कि पुपरी-सीतामढ़ी मार्ग में बछाड़पुर नैयरा टोला स्थित मस्जिद से नमाज पढ़कर कुछ लोग निकल रहे थे, तभी पुपरी की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने चार लोगों को रौंद दिया। इस घटना में घटनास्थल पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान जाहिर अहमद मोती (70), नसीर अहमद (60) तथा जहिरुल हक के रूप में की गई है। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए स्थानीय एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath