बिहार में सड़क हादसों में 7 की मौत (लीड-1)

भागलपुर/मधुबनी, 14 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के मधुबनी और भागलपुर जिले में गुरुवार को अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए।

भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर की ट्रॉली पलट गई, जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

जगदीशपुर के थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि बांका क्षेत्र से कुछ लोग एक ट्रैक्टर की ट्रॉली में सवार होकर इस्माइलपुर गांव जा रहे थे। रास्ते में सलेमपुर गांव के पास ट्रैक्टर असंतुलित हो गया, जिसके कारण ट्रॉली पलट गई और घटनास्थल पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि सभी मृतक नवगछिया के इस्माइलपुर गांव के रहने वाले हैं।

इधर, मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक यात्री बस ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, डंडाटोल गांव के पास एक ट्रक सड़क के किनारे खड़ा था। तभी पटना से फरबिसगंज जा रही यात्री बस ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में बस में सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बस चालक कोहरे के कारण सडक पर खड़े ट्रक को नहीं देख सका, जिस वजह से यह दुर्घटना हुई।

फुलपरास के थाना प्रभारी मोहम्मद सरवर खान ने बताया कि इस दुर्घटना में घायल हुए सात लोगों को इलाज के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घायलों में दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493