बिहार में स्कूली छात्रा से छेड़खानी का वीडियो वायरल

मुजफ्फरपुर, 31 मई (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर में एक स्कूली छात्रा के साथ कुछ मनचलों की छेड़खानी का वीडियो वायरल हो गया है। सोशल साइट पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए जांच प्रारंभ कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो मुजफ्फरपुर शहर से सटे सीतामढ़ी रेल खंड के बूढ़ी गंडक नदी पर बने रेलवे पुल का बताया जा रहा है, जहां कुछ मनचले पहले छात्रा के दोस्त की पिटाई करते हैं, फिर छात्रा के साथ छेड़खानी करते हैं। करीब सवा मिनट के इस वीडियो में शहर के एक निजी स्कूल की छात्रा स्कूल पोशाक में अपने साथी के साथ रेलवे पुल पर खड़ी है और इसी बीच वहां कुछ मनचले पहुंच जाते हैं।

मनचले पहले छात्रा के साथी की पिटाई करते हैं और फिर छात्रा से छेड़खानी शुरू कर देते हैं। वीडियो में साफ पता चल रहा है कि इस दौरान छात्रा अपने साथी के पीछे छिपने का प्रयास कर रही है। इस दौरान छात्रा का साथी बार-बार मनचलों से माफी मांग रहा है और फिर यहां कभी नहीं आने की बात कह रहा है। मनचलों के ही एक साथी ने घटना का वीडियो वायरल कर दिया।

इस वीडियो के मीडिया में आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया है। मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने बुधवार को बताया कि वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस उपाधीक्षक को पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कारवाई की जाएगी।

पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493