बिहार में स्कॉर्पियो ने ट्रक में मारी टक्कर, 5 मरे

लखीसराय, 16 मई (आईएएनएस)। बिहार में लखीसराय जिले के नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कॉर्पियो में सवार पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, मुजफ्फरपुर के गोपालपुर मुसहरी प्रखंड क्षेत्र स्थित तरौरा गांव के कई लोग एक स्कॉर्पियो में सवार होकर झारखंड के देवघर स्थित बैद्यनाथधाम से बच्चों का मुंडन करा कर घर लौट रहे थे। इस दौरान महिसोना गांव के समीप स्कॉर्पियो चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और इसने सड़क के किनारे पहले से खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी।

लखीसराय नगर थाना के प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि इस दुर्घटना में घटनास्थल पर ही पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में चार की हालत गंभीर बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की मदद से सभी शवों को स्कार्पियो से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मृतकों में दो महिला, एक बच्ची और दो पुरुष शामिल हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493