बिहार में 12वीं के परीक्षाफल को लेकर प्रदर्शन जारी, न्यायिक जांच की मांग

पटना, 1 जून (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में 12वीं में असफल छात्रों का प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी रहा। परीक्षाफल में गड़बड़ी के विरोध में छात्रों ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। उधर, जन अधिकार पार्टी (जाप) ने बिहार में एकबार फिर टॉपर्स घोटाले का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग की।

12वीं के परीक्षाफल से नाखुश सैकड़ों छात्र गुरुवार को एकबार फिर बीएसईबी कार्यालय के सामने इकट्ठा हो गए और सरकार एवं समिति के खिलाफ जमकर नारोबाजी की। परीक्षा में असफल छात्रों का कहना है कि उन्हें दोबारा से मूल्यांकन कराए जाने पर भरोसा इसीलिए नहीं है, क्योंकि उसके परिणाम आते-आते काफी देर हो जाएगी और अच्छे कॉलेजों में दाखिला नहीं हो पाएगा।

इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने परीक्षार्थियों के हंगामे को देखते हुए उत्तरपुस्तिका की दोबारा जांच कराने का आदेश दिया है।

उल्लेखनीय है कि इस बार 12वीं की परीक्षा में करीब 65 प्रतिशत छात्र असफल घोषित कर दिए गए हैं।

इधर, जन अधिकार पार्टी (जाप) के सरंक्षक और बिहार के मधेपुरा से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बीएसईबी के 12वीं की परीक्षा में बड़े पैमाने पर छात्र-छात्राओं के फेल होने की 72 घंटे के अंदर न्यायिक जांच कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

यादव ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इंटर की परीक्षा में आठ लाख से अधिक परीक्षार्थी फेल हुए हैं, इसके बाद भी सरकार इस मामले को लेकर तनिक भी गंभीर नहीं है।

उन्होंने कहा, “इस मामले पर मुख्यमंत्री कुमार और उनके मंत्री के साथ ही बीएसईबी के अध्यक्ष के बयान अलग-अलग आ रहे हैं, जिसके कारण छात्रों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।”

सांसद ने सवालिया लहजे में कहा, “परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रश्न में कई परीक्षार्थियों को एक और दो अंक दिए गए हैं, जो अपने आप में सवाल खड़ा करता है। इसी तरह कई परीक्षार्थी ऐसे हैं जो इंजीनियरिंग की संयुक्त प्रवेश परीक्षा में सफल तो हुए हैं, लेकिन उन्हें 12वीं फेल कर दिया गया है।”

उन्होंने कहा कि बिहार के छात्रों में मेधा की कमी नहीं है, लेकिन मूल्यांकन में गड़बड़ी के कारण बच्चे असफल हुए हैं।

बाहुबली सांसद ने आरोप लगाया कि एक बार फिर टॉपर्स घोटाला हुआ है। कला संकाय गणेश कुमार को संगीत की प्राथमिक ज्ञान तक नहीं है और वह टॉपर घोषित किया गया है। उन्होंने गणेश की हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि अपनी फजीहत से बचने के लिए मंत्री, अधिकारी और कॉलेज माफिया उसे गायब कर उसकी हत्या करवा सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493