पटना, 5 मई (आईएएनएस)। बिहार में विधि-व्यवस्था की स्थिति को और चुस्त बनाने के लिए मंगलवार को 17 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया। गया में चिकित्सक दंपति के अपहरण के मामले को लेकर गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी़ कन्नन पर गाज गिरी है, जबकि अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) का भी तबादला कर दिया गया है।
गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, गया के पुलिस अधीक्षक पी़ कन्नन को गया से हटाकर पटना के पुलिस महानिरीक्षक के सहायक के पद पर स्थानांतरित किया गया है जबकि मनु महाराज को पटना के बजाय गया का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
पुलिस अधिकारी निशांत कुमार तिवारी को पूर्णिया का पुलिस अधीक्षक, ए़ क़े सत्यार्थी को दरभंगा का पुलिस अधीक्षक, सुनील कुमार को पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) तथा ए़ एस़ निलेकर चंद्रा को विशेष निगरानी का महानिरीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा, परेश सक्सेना को होमगार्ड व अग्निशमन सेवा का महानिरीक्षक, अमित कुमार महानिरीक्षक (रेल), कुंदन कृष्णन को पटना प्रक्षेत्र का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।
पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारी जितेंद्र कुमार को विभाग का विशेष सचिव के पद पर स्थानांतरित किया गया है, जबकि अमरेंद्र कुमर अंबेदकर को पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) के पद पर नियुक्त किया गया है।
प्रीति वर्मा को महानिरीक्षक (कमजोर वर्ग) बनाया गया है, जबकि आलोक राज को अपराध अनुसंधान विभाग का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।
इसके अलावा अरविंद पांडेय को अपर महानिदेशक (राज्य खेल प्राधिकार), गुप्तेश्वर पांडेय को अपर महानिदेशक (वितंतु एवं तकनीकी सेवाएं), सुनील कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) और राजेश चंद्रा को अपर पुलिस महानिदेशक (आधुनिकीकरण) बनाया गया है।
dharmpath.com dharmpath