पटना, 1 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले में एक मंदिर से हिंदू देवताओं की चार बेशकीमती मूर्तियां शुक्रवार को चोरी हो गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी है।
सभी चारों मूर्तियां (राम, जानकी, हनुमान व लक्ष्मण) अष्टधातु से निर्मित थीं, जो सोना, चांदी, तांबा, जिंक, शीशा, टिन, लोहा व पारे की मिश्र धातु है। जिले के इमतपुर गांव के एक मंदिर से इन मूर्तियों की चोरी हुई।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “चोरी का शक मंदिर के पुजारी के एक संबंधी पर है, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।”
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चोरी की इस तरह की कई घटनाओं के बारे में पुलिस को जानकारी ही नहीं हो पाती, क्योंकि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में उनके मूल्य की जानकारी किसी को होता ही नहीं है।
चोरी की इस तरह की घटनाएं गया, भागलपुर, किशनगंज, वैशाली, बेगूसराय, सारण, समस्तीपुर, जमुई, नालंदा, रोहतास, सीतामढ़ी व पटना जिलों में घट चुकी हैं।
कुछ-एक को छोड़कर पुलिस चोरी गई मूर्तियों को बरामद करने में नाकाम रही है।
बिहार पुरातत्व विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अष्टधातु की प्राचीन मूर्तियों की भारी मांग है।
dharmpath.com dharmpath