पटना, 19 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन सरकार का एक वर्ष पूरा होने के एक दिन पहले शनिवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने सरकार का सालभर का लेखा-जोखा पेश किया, जिसमें महागठबंधन की सरकर को हर मोर्चे पर विफल बताया गया है।
राजग द्वारा ‘एक साल बुरा हाल’ नाम से जारी महागठबंधन सरकार के एक साल को बुरी तरह विफल बताते हुए इसे ‘महागठबंधन सरकार, बिहार बेहाल’ कहा गया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गठबंधन की सरकार है और पिछले एक साल से बिहार बेहाल है।
मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री दावा करते घूम रहे हैं कि बिहार में बहार है, लेकिन सच्चाई इससे उलट है।
उन्होंने कहा, “बिहार में अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। पिछले एक साल में छह पुलिसकर्मियों और चार पत्रकारों की हत्या हो गई। इससे आरोपियों के बढ़े मनोबल का पता चलता है।”
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि बिहार में दलित और महादलित पर लगातार हमले हो रहे हैं, लेकिन सरकार सोई हुई है।
इस मौके पर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय, प्रेम कुमार सहित राजग के कई बड़े नेता मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महागठबंधन सरकार के एक वर्ष का लेखा-जोखा पेश करने वाले हैं।
dharmpath.com dharmpath