पटना, 19 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानमंडल के नए भवन का शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया। इस भवन की मुख्य विशेषता संसद भवन की तर्ज पर इसका सेंट्रल हॉल है।
उद्घाटन समारोह के संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब विधानसभा और विधान परिषद में जगह को लेकर हो रही समस्या दूर होगी। उन्होंने कहा कि इस भवन में कई तरह की सुविधाएं लोगों को उपलब्ध होंगी।
विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने भवन के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। विधानसभा का नया भवन पूरी तरह से इको-फ्रेंडली बना है।
भवन निर्माण विभाग के प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा ने बताया कि विधानसभा का नया भवन 25 हजार 840 वर्गमीटर में बना है। इसके अलावा 27 हजार 852 वर्गमीटर में सचिवालय का नया काम्प्लेक्स है। सचिवालय काम्प्लेक्स के चार ब्लॉक बनने हैं, अभी दो बनकर तैयार हैं।
विधानसभा के नए भवन की खासियत इसका सेंट्रल हॉल है। इसकी क्षमता 550 लोगों के बैठने की है। विधानमंडल के संयुक्त सत्र के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा।
विधानमंडल भवन में मुख्यमंत्री, विधान परिषद के सभापति और विधानसभा के अध्यक्ष का बड़े-बड़े कमरों वाले शानदार कार्यालय होगा तथा सभी मंत्रियों और दोनों सदनों की सभी कमेटियों के सभापतियों का भी का कार्यालय होगा। कमेटियों की बैठकों के लिए 20 छोटे कांफ्रेंस हॉल बने हैं।
dharmpath.com dharmpath