बिहार : राजद ने भी 12वीं के परीक्षा परिणाम पर उठाए सवाल

पटना, 2 जून (आईएएनएस)। बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल जनता दल (युनाइटेड) के नेता भले ही 12वीं के परीक्षाफल को लेकर सरकार का बचाव कर रहे हों, परंतु राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता उत्तर पुस्तिकाओं को जांचने वाले शिक्षकों पर ही सवाल खड़ा करते हुए परीक्षाफल को त्रुटिपूर्ण बताने लगे हैं।

पटना के मनेर विधानसभा से विधायक और राजद नेता भाई वीरेंद्र ने शुक्रवार को 12वीं के परीक्षा परिणाम को दुखद बताया है। उन्होंने कहा, “परीक्षाफल लेकर छात्रों में जो आक्रोश है, निश्चित रूप से सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए और मेधावी शिक्षकों से उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करानी चाहिए। जांचने वालों की विद्वता पर शक है।”

उत्तर पुस्तिका जांचने वाले शिक्षकों पर ही सवाल खड़ा करते हुए विधायक ने कहा कि जिन शिक्षकों से उत्तर पुस्तिका जांच कराई गई हैं, उन्हें उनकी ‘शैक्षणिक काबिलियत’ पर शक है।

उन्होंने अपने अंदाज में कहा, “अनुभवहीन और कमजोर शिक्षकों से उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करवाकर छात्रों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया गया है।” उत्तर पुस्तिकाओं को फिर से जांचने की मांग रखते हुए राजद के विधायक ने कहा कि ‘बीता नापकर’ नंबर देने वाले शिक्षकों से उत्तर पुस्तिकाओं की जांच नहीं कराई जानी चाहिए थी।

उल्लेखनीय है कि बिहार में इस वर्ष 12वीं की परीक्षा में 65 प्रतिशत परीक्षार्थी असफल घोषित हुए हैं। परीक्षाफल प्रकाशित होने के बाद छात्रों का गुस्सा उबाल पर है और प्रतिदिन प्रदर्शन का दौर जारी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493