बिहार : राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने दी चित्रगुप्त पूजा, भैयादूज की बधाई

पटना, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चित्रगुप्त पूजा और भैयादूज के मौके पर बिहार और देश के लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

राज्यपाल ने अपने शुभकामना-संदेश में कहा, “विद्या-आराधना और समग्र उन्नति के लिए होनेवाली ‘चित्रगुप्त पूजा’ एवं भाई-बहन के पवित्र रिश्ते से जुड़े ‘भैयादूज’ के त्योहारों के मौके पर मैं बिहारवासियों के सुखी, संपन्न, उपलब्धिपूर्ण और उल्लासमय जीवन की मंगलकामना करता हूं।”

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चित्रगुप्त पूजा एवं भैयादूज पर्व पर प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान के अधिष्ठाता देवता चित्रगुप्त भगवान की पूजा एवं आराधना से लोगों में पढ़ने-लिखने की अभिरुचि बढ़ती है।

नीतीश ने अपने संदेश में कहा, “लोगों में पढ़ने-लिखने के प्रति बढ़ती अभिरुचि के फलस्वरूप बिहार में ज्ञान और शिक्षा का प्रकाश घर-घर फैलेगा। आज ज्ञान का युग है। सभी के प्रयास से बिहार सुखी, समुन्नत और समृद्ध बनेगा।”

उन्होंने बिहारवासियों का आह्वान किया कि वे चित्रगुप्त पूजा एवं भैयादूज को पारस्परिक सौहार्द, सद्भाव और उल्लास के साथ मनाएं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493