बिहार : रेडक्रॉस सोसाइटी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 16 ट्रक राहत साम्रगी भेजी

पटना, 19 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने मंगलवार को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की बिहार राज्य शाखा द्वारा बाढ़ प्रभावित जिलों के लिए बाढ़-राहत सामग्रियों से भरी 16 ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

त्रिपाठी ने राजभवन के सामने राजेंद्र प्रतिमा के समक्ष सभी ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर ट्रकों को विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया।

राजभवन के एक अधिकारी ने बताया कि उक्त राहत-सामग्रियां बाढ़ प्रभावित सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, खगड़िया, अररिया, दरभंगा, समस्तीपुर, कटिहार, सहरसा, सुपौल, किशनगंज, मधेपुरा, गोपालगंज, पूर्वी चम्पारण, पश्चिमी चम्पारण, पूर्णिया, मधुबनी के अलाचा और एक ट्रक पुपरी भेजा गया है। उन्होंने बताया कि बाढ़ राहत-सामग्रियों के रूप में तारपोलिन शीट, मच्छरदानी, किचेन सेट, बाल्टी, सोलर लालटेन, ब्लीचिंग पाउडर, कपड़ा, चूड़ा-गुड़, चावल-दाल, बिस्कुट, स्टोव एवं पेयजल साफ करनेवाली मशीनें आदि सामग्रियां बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रेडक्रॉस द्वारा भेजी गईं।

इस मौके पर राज्यपाल ने कहा, “इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी बराबर पीड़ित मानवता की सेवा में तत्पर रहती है। बिहार में इस बार बाढ़ के दौरान काफी क्षति हुई है। सोसाइटी ने माननवीय सेवा की अपनी परंपरा को बरकरार रखते हुए यह प्रशंसनीय कार्य किया है।”

इस मौके पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, बिहार राज्य शाखा के चेयरमैन डॉ़ बी़ बी़ सिन्हा, सोसाइटी के राष्ट्रीय मुख्यालय के संयुक्त सचिव मनीष कुमार, इंटरनेशलन फेडरेशन ऑफ रेडक्रॉस रोड क्रिसेंट के हेड लीयोन प्रॉप एवं इंटरनेशनल कमिटी ऑफ रेडक्रॉस के प्रतिनिधि राजीव सधाना, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी (बिहार) के वाइस चेयरमैन उदय शंकर प्रसाद सिंह तथा महासचिव नगीना शर्मा भी उपस्थित रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493