बिहार : लालू के जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं ने काटा केक, राबड़ी ने दी शुभकामनाएं

पटना, 11 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद की अनुपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को उनका 72वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस मौके पर पटना स्थित राजद प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने 72 पाउंड का केक काटा।

लालू के जन्मदिन पर हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर सन्नाटा पसरा रहा, परंतु राबड़ी ने अपने पति लालू प्रसाद को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।

लालू के जन्मदिन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखा। कार्यकर्ताओं ने लालू के 72वें जन्मदिन पर 72 पाउंड का केक काटा और लालू प्रसाद को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी अपने पति लालू प्रसाद को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनएं दी है। राबड़ी देवी ने ट्वीट किया, “प्राणप्रिय आदरणीय लालू प्रसाद जी को 72वें अवतरण दिवस की अनंत बधाइयां। आपको हमारी भी उम्र लग जावे।”

लालू प्रसाद के पुत्र, पुत्रियों ने भी अपने पिता को जन्मदिन की शुभकामना दी हैं। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया, “वंचित, उपेक्षित, उपहासित, उत्पीड़ित और गरीब वर्गो के लिए जीवनभर लड़ने वाले योद्घा जन-जन के प्रिय नेता आदरणीय लालू प्रसाद जी को अवतरण दिवस की असीम और अनंत शुभकामनाएं।”

लालू के बड़े पुत्र और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप ने भी अपने पिता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है। तेजप्रताप ने ट्वीट किया, “तुम्हारी दी आवाज के ऋणी हैं हम, अब जो जागे हैं तो कहां किसी से हैं कम। सामाजिक न्याय के प्रबलतम पुरोधा लालू प्रसाद को जन्मदिन की शुभकामनाएं।”

लालू प्रसाद की पुत्री और राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने भी लालू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया, “आदरणीय लालू प्रसाद जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। आपने अल्पकाल में ही वंचित समाज को जो आत्मसम्मान, आत्मविश्वास व आवाज के अहसास की ताकत दी, उसे कोई झुठला नहीं सकता। समाज व मानसिकता बदलने में जमाने बदल जाते हैं, इस लिहाज से आपका योगदान अतुलनीय है।”

उल्लेखनीय है कि लालू इन दिनों चारा घोटाले के मामले में झारखंड की जेल में सजा काट रहे हैं। फिलहाल लालू स्वास्थ्य कारणों से रांची के रिम्स में भर्ती हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493