पटना, 23 जून (आईएएनएस)। बिहार के विद्यालयों में पहले की तरह एक बार फिर सुबह ‘प्रार्थना गीत’ गूंजेंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग ने बजाप्ता बिहार की गौरव गाथा और उसके वैभव को लेकर एक ‘प्रार्थना गीत’ तैयार करवाया है।
राज्य के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने गुरुवार आईएएनएस को बताया कि सरकार की योजना स्कूली बच्चों में अपने राज्य के प्रति स्वाभिमान विकसित करने की है। स्कूलों में पढ़ाई शुरू होने से पहले बच्चे इस प्रार्थना गीत को गाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस प्रार्थना गीत को फिल्म ‘पीके’ में ‘लव इज वेस्ट ऑफ टाइम’ जैसे मशहूर गाने के लेखक अमिताभ वर्मा ने लिखा है। गीत की रिकॉर्डिग हो चुकी है। अगले दो-तीन दिन में राज्य के लोगों की रायशुमारी के लिए इसे सोशल मीडिया पर जारी कर दिया जाएगा। लोगों के सुझावों पर एक समिति विचार करेगी।
चौधरी ने बताया कि आम लोगों की पसंद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की स्वीतिकृति मिलने के बाद प्रार्थना गीत राज्यभर के सरकारी व निजी विद्यालयों में लागू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सत्र 2017 से इस प्रार्थना गीत को ‘बिहार गीत’ के साथ स्कूली बच्चों की डायरी व कॉपी में अंकित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रार्थना गीत के अंतरे में बिहार के महापुरुषों, गंगा जमुनी तहजीब, विभिन्न धर्मो के उद्गम और बिहार की धरोहरों और प्राचीन शिक्षा केंद्रों की महत्ता समाहित है। रिकॉर्डिड गीत करीब दो मिनट का है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस प्रार्थना गीत में मिथिलांचल से विद्यापति और मां सीता के जन्म से संबंधित अंतरा को जोड़ा जाना शेष है।
डॉ. चौधरी ने बताया कि गीतकार अमिताभ वर्मा के साथ ही उनकी पत्नी श्रुति अंदिता वर्मा व गीत के संगीतकार बापी, तीनों बिहार के हैं।
dharmpath.com dharmpath