पटना, 8 जून (आईएएनएस)। बिहार में 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में हुई गड़बड़ी की चल रही जांच से उत्पन्न होने वाले संकट की आशंका के मद्देनजर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया।
शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “पद छोड़ने के दबाव के कारण सिंह ने इस्तीफा दिया है।”
जानकारी के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की जांच कर रहा बिहार पुलिस का एक विशेष जांच दल (एसआईटी) पूछताछ के लिए सिंह को हिरासत में लेने वाला है।
एसआईटी के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “कुछ सबूत मेरिट सूची में की गई गड़बड़ी में सिंह की संलिप्तता की ओर इशारा करते हैं। इस गड़बड़ी से राज्य की जैसी बदनामी हुई है, वैसी कभी नहीं हुई थी।”
सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है, लेकिन वह अभी लापता हैं। अधिकारी ने कहा, “न तो वह अपने अधिकारिक आवास में हैं और न ही अपने कार्यालय में।”
इस बीच एसआईटी ने इस मामले में बुधवार को दो उच्च विद्यालयों के चार कर्मचारियों समेत सात लोगों को हिरासत में लिया।
12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में अव्वल आने वाले कुछ विद्यार्थियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के तुरंत बाद एसआईटी ने जांच शुरू कर दी थी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सोमवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की थी। बैठक में उन्होंने परीक्षा परिणामों पर निराशा जाहिर की थी और इस मामले की जांच के लिए अधिकारियों को प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए थे।
प्राथमिकी में यह आरोप लगाया गया है कि परीक्षा परिणामों को प्रभावित करने के लिए धोखाधड़ी और कपट योजना को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने कहा, “ऐसा प्रतीत हुआ कि टॉपरों की उत्तर पुस्तिका बदली गई है, जो इसे एक धोखाधड़ी का मामला बनाता है।”
पुलिस के अनुसार, एसआईटी ने वैशाली जिले के मुख्यालय हाजीपुर के जी.ए.उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र की अधीक्षक शैल कुमारी, वरीय लिपिक और एक चपरासी को हिरासत में लिया है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच दल ने पटना के राजेंद्रनगर उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य को भी हिरासत में लिया है।
इन चारों के अलावा एसआईटी ने इस मामले में तीन अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है।
जी.ए.उच्च विद्यालय में वी.आर कॉलेज का परीक्षा केंद्र था। वैशाली जिले की सभी उत्तर पुस्तिकाएं आरा और भभुआ भेजी गई थीं, जबकि वी.आर.कॉलेज की कॉपियों की जांच पटना के राजेंद्रनगर उच्च विद्यालय में हुई थी।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “जांच दल देर मंगलवार को बोर्ड के तीन अधिकारियों से भी पूछताछ की थी।”
मेरिट सूची में गड़बड़ी के सूत्रधार वी.आर.कॉलेज के प्रधानाचार्य सह निदेशक अमित कुमार उर्फ बच्चा राय को गिरफ्तार करने के लिए जांच दल मुजफ्फरपुर और वैशाली की कुछ जगहों पर छापेमारी की है।
एसआईटी ने मंगलवार को वी.आर.कॉलेज में छापेमारी की थी और कुछ दस्तावेज जब्त किए थे तब से अमित कुमार फरार चल रहे हैं।
प्राथमिकी में जिन लोगों के नाम दर्ज कराए गए हैं उनमें विज्ञान विषयों के टॉपर सौरभ श्रेष्ठ, सालिनी राय, राहुल कुमार और कला विषयों की टॉपर रुबी राय तथा वी.आर.कॉलेज के प्रधानाचार्य सह निदेशक शामिल हैं।
पुनर्परीक्षा में विफल होने के बाद बोर्ड ने विज्ञान विषयों के पहले और तीसरे टॉपरों के परिणाम रद्द कर दिए और पुनर्परीक्षा में शामिल नहीं होने पर कला विषय की टॉपर रुबी राय को 11 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा में शामिल होने का अवसर देने का फैसला किया गया।
12वीं की बोर्ड परीक्षा के 14 टॉपरों में से 13 की पुनर्मूल्यांकन रपट परीक्षा समिति को मिल गई है। परीक्षा समिति ने यह जानने के लिए पुनर्मूल्यांकन कराया था कि अव्वल आने वाले विद्यार्थी सही में पात्र थे या टॉप करने के लिए धोखाधड़ी की थी।
परीक्षा समिति के अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा था कि सरकार ने वी.आर.कॉलेज की मान्यता रद्द कर दी है।
dharmpath.com dharmpath