पटना, 8 जून (आईएएनएस)। बिहार में 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में हुई गड़बड़ी की चल रही जांच से उत्पन्न होने वाले संकट की आशंका के मद्देनजर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “पद छोड़ने के दबाव के कारण सिंह ने इस्तीफा दिया है।”
मिली जानकारी के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की जांच कर रहा बिहार पुलिस का एक विशेष जांच दल (एसआईटी) पूछताछ के लिए सिंह को हिरासत में लेने वाला है।
एसआईटी के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “कुछ सबूत मेरिट सूची में की गई गड़बड़ी में सिंह की संलिप्तता की ओर इशारा करते हैं। इस गड़बड़ी से राज्य की जैसी बदनामी हुई है, वैसी कभी नहीं हुई थी।”
सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है, लेकिन वह अभी लापता हैं। अधिकारी ने कहा, “न तो वह अपने अधिकारिक आवास में हैं और न ही अपने कार्यालय में।”
dharmpath.com dharmpath