बिहार विधानसभा में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान जारी

पटना, 17 जुलाई (आईएएनएस)। देश के 14वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए बिहार विधानमंडल में सोमवार सुबह 10 बजे से मतदान जारी है। मतदान को लेकर विधानमंडल की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक संजय सरावगी ने पहला वोट डाला। करीब सभी पार्टियों के विधायक विधानसभा पहुंच गए हैं और पंक्तिबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। सुबह नौ बजे से ही विधायक मतदान के लिए लाइन में लगे हैं। सुबह 10 बजे शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा।

उल्लेखनीय है कि नए राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद और विपक्षी पार्टियों की संयुक्त उम्मीदवार पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के बीच मुकाबला है। बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन में शामिल कांग्रेस और राजद जहां मीरा कुमार के समर्थन में हैं, वहीं जद (यू) ने कोविंद के समर्थन की घोषणा की है।

चुनाव के मद्देनजर बिहार विधानमंडल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने कहा कि चुनाव के लिए सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है। किसी भी विधायक को कोई भी इलेक्ट्रानिक डिवाइस लेकर अंदर जाने की अनुमति नहीं है।

इधर, बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता प्रेम कुमार ने कोविंद की जीत का दावा करते हुए कहा कि संख्या बल और बिहार के राज्यपाल के कार्य को ध्यान में रखते हुए यहां के अधिकांश विधायक उनका समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कई अन्य दल के लोग भी अंतरात्मा की आवाज से कोविंद को अपना मत देंगे।

बिहार में कुल 243 विधायक हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493