लखीसराय, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक प्रहलाद यादव के भाई पर एक किशोर के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इस मामले की प्राथमिकी लखीसराय जिले के एक थाने में दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार, सूर्यगढ़ा से राजद विधायक प्रहलाद यादव के भाई जीवन यादव पर एक 15 वर्षीय नाबालिग राजा कुमार को पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि लखीसराय थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव के कालेश्वर यादव से विधायक के भाई जीवन यादव का काफी दिनों से जमीनी विवाद चला आ रहा है। इसी क्रम में आरोप है कि मंगलवार को जीवन ने कालेश्वर यादव के पुत्र राजा कुमार को पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। किशोर को गंभीर रूप से चोटिल होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
लखीसराय के थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया गया है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
इधर, राजद विधायक प्रहलाद यादव इस पूरे मामले को साजिश करार दे रहे हैं। उन्होंने ऐसी किसी घटना से इंकार करते हुए कहा कि यह बेमतलब की बात है।
पीड़ित युवक राजा के भाई चंद्रशेखर यादव का कहना है कि जीवन यादव लंबे अरसे से उनके एक भूखंड को कब्जाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी क्रम में जीवन यादव और उनके समर्थक जबरन उसके भाई को उठाकर ले गए और बेरहमी से उनकी पिटाई कर दी।
dharmpath.com dharmpath