बिहार : विधायक व एसपी को हत्या की धमकी देने वाला गिरफ्तार

बिहारशरीफ, 26 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के इस्लामपुर क्षेत्र के विधायक चंद्रसेन प्रसाद और नालंदा के पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष को धमकी देने वाले एक युवक को पुलिस ने शनिवार को इस्लामपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान शैलेश कुमार के रूप में की गई है।

नालंदा के पुलिस अधीक्षक आशीष ने शनिवार को बताया कि 13, 14 व 15 मार्च को उनके सरकारी मोबाइल पर चार धमकी से भरे एसएमएस भेजे गए, जिसमें परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई थी।

उन्होंने बताया कि उनके सरकारी मोबाइल पर उसी नंबर से धमकी भरे एसएमएस भेजे गए, जिस नंबर का इस्तेमाल इस्लामपुर के विधायक को धमकी देने के लिए किया गया था। उन्होंने बताया कि धमकी में साफ तौर पर दुष्कर्म के आरोपी विधायक राजबल्लभ यादव के मामले से दूर रहने की हिदायत दी गई थी।

गौरतलब है कि विधायक राजबल्लभ एक एक महिला को 30 हजार रुपये देकर एक किशोरी को अपने घर पर मंगवाया था और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में इस समय जेल में बंद हैं।

आशीष के मुताबिक, धमकी भरा एसएमएस आने के बाद हिलसा के एसडीपीओ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उस मोबाइल नंबर का टावर लोकेशन पता किया और इसी आधार पर इस्लामपुर थाना क्षेत्र के काली स्थान इस्लामपुर रोड से शैलेश को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से मोबाइल फोन और उस सिम को भी बरामद कर लया गया है, जिससे धमकी भरे एसएमएस किए गए थे।

उल्लेखनीय है कि 15 मार्च को इस्लामपुर के विधायक के मोबाइल पर एक धमकी भरा एसएमएस आया था, जिसमें दो दिनों के भीतर एक बैंक खाते में पांच लाख रुपये भेजने को कहा गया था और ऐसा न करने पर परिवार सहित जान से मारने की बात लिखी गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493