सुल्तानगंज (बिहार), 19 जुलाई (आईएएनएस)। देवघर में बाबा वैद्यनाथ के जलाभिषेक के लिए कांवड़िए जिस जगह गंगा से जल भरते हैं, वहां मंगलवार से श्रावणी मेला शुरू हुआ, जिसका उद्घाटन बिहार सरकार के राजस्व मंत्री डॉ. मदन मोहन झा ने किया। इस अवसर पर मंत्री सहित सैकड़ों शिवभक्तों ने अपने सिर पर मिथिला का पाग धारण किया।
श्रावणी मेले के दौरान देशभर के शिवभक्त कांवड़ लेकर सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर भगवान शंकर को देवघर स्थित रावणेश्वर वैद्यनाथ मंदिर में ज्यातिर्लिग पर अर्पित करते हैं। इस समारोह में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों को मिथिला के पाग से सम्मानित किया गया।
मिथिलालोक फाउंडेशन इस वर्ष की शुरुआत से ही ‘पाग बचाउ’ अभियान चला रहा है। इस संस्था की पहल पर इस बार मिथिला से वैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवड़िए पाग पहनकर भोलेनाथ के दर्शन करेंगे। इन्हें संस्था की तरफ से ‘पाग कांवड़िया’ नाम दिया गया है।
मंत्री डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि पाग मिथिला की सांस्कृतिक पहचान है और मिथिलालोक ने इसे बखूबी पेश किया है। पाग पहनकर भोलेबाबा के दर्शन करने से उनकी विशेष कृपा होगी।
फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. बीरबल झा ने कहा कि मिथिला के सांस्कृतिक विकास के लिए ‘पाग कांवड़िए’ भोलेनाथ को मनाना चाहते हैं कि वह मिथिला पर अपनी विशेष कृपा बरसाएं।
उन्होंने बताया कि संस्था का विशेष सेवादल सुल्तानगंज में मौजूद है और कांवड़ियों को पाग उपलब्ध करा रहा है।
dharmpath.com dharmpath