बिहार : सड़क हादसे को लेकर बवाल, थाना प्रभारी की मौत

हाजीपुर, 18 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक सड़क हादसे में हुई दो व्यक्तियों की मौत को लेकर बुधवार को शुरू हुए हंगामे को शांत करने के क्रम में पुलिस को गोलीबारी करनी पड़ी, जिसमें दो व्यक्ति घायल हो गए।

इस बीच, आक्रोशित भीड़ द्वारा की गई पत्थरबाजी में बेलसर सहायक थाने (ओपी) के प्रभारी अजीत कुमार सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। इलाज के दौरान थानाध्यक्ष की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को अगरपुर जी़ ए़ स्कूल के पास एक अनियंत्रित वैन एक घर में घुस गई थी, जिससे दो व्यक्तियों की मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद दो गुटों में झड़प हो गई तथा इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस अधिकारियों ने हालांकि मंगलवार को किसी तरह से मामले को शांत कराया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार सुबह एक बार फिर दोनों गुट आमने-सामने आ गए। इस क्रम में कुछ लोगों ने वैन के चालक के घर में आग लगा दी। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची, तो आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।

अधिकारी के अनुसार, भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने गोलीबारी की। इस दौरान दो व्यक्ति घायल हो गए।

अधिकारी के अनुसार, पत्थरबाजी में बेलसर सहायक थाने के प्रभारी अजीत कुमार समेत चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां थानाध्यक्ष की मौत हो गई।

अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) आलोक राज ने बताया कि लालगंज थाना क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। पूरे मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तनाव है, परंतु स्थिति नियंत्रण में है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493