पटना, 5 मई (आईएएनएस)। बिहार के अलग-अलग हिस्सों में सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई और 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
भागलपुर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव के समीप मंगलवार को एक वैन के सड़क के किनारे बने गड्ढे में पलट जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल गए। अकबरपुर के थाना प्रभारी वरुण कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान बजरंग तांती, कन्हाई तांती तथा विकास कुमार के रूप में की गई है।
इधर, बेगूसराय जिले के जीरो माइल थाना क्षेत्र में तेज गति से जा रही ट्रक और बाइक की सीधी टक्कर में बाइक पर सवार दो लेागों की मौत हो गई।
जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक स्कॉर्पियो के सड़क के किनारे खडी बुलडोजर से टकरा जाने से स्कॉर्पियो पर सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए।
सिकंदरा के थाना प्रभारी संजय यादव ने बताया कि मृतकों की पहचान रामप्रवेश पंडित और आयुष के रूप में की गई है।
मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के मंझौलिया के पास एक तेज गति से गुजर रही ट्रक ने एक छात्रा को टक्कर मार दी, जिससे घटनस्थल पर ही छात्रा की मौत हो गई। मौत से आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल काटा। गुस्साए लोगों ने एक यात्री बस में आग लगा दी तथा 10 से ज्यादा वाहनों के शीशे तोड़ दिए। पुलिस अधिकारियों के समझाए जाने के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए।
इधर, खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र में राजाजन गांव के पास एक ट्रक के पलट जाने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। मानसी थाना प्रभारी राम उदय तिवारी ने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
dharmpath.com dharmpath