बिहार सरकार की किरकिरी, जद (यू) नेता राकेश सिंह पार्टी से निष्कासित

पटना, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (युनाइटेड) ने मंगलवार को भोजपुर के उदवंतनगर के प्रखंड अध्यक्ष राकेश सिंह को पार्टी से निकाल दिया। सिंह की मुख्यमंत्री के साथ एक सेल्फी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसे देखकर विपक्ष ने सिंह को भोजपुर जिले में जहरीली शराब से हुई 29 लोगों की मौत के मामले का मुख्य आरोपी बताते हुए नीतीश कुमार पर निशाना साधा था।

सरकार की किरकिरी होने के बाद जद (यू) ने राकेश को पार्टी से निष्कासित कर दिया। जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने मंगलवार को बताया कि राकेश दहेज प्रथा के खिलाफ प्रेरणादायी कदम उठाने वाले हरिंदर सिंह का दूर का रिश्तेदार था। इस वजह से वह मुख्यमंत्री से मुलाकात करने मुख्यमंत्री आवास पहुंचा था।

उन्होंने कहा, “जैसे ही हमें उसके पूर्व में किए गए कार्यो और आपराधिक इतिहास की जानकारी मिली, उसे तुरंत पद के साथ-साथ पार्टी की सदस्यता से भी हटा दिया गया है।”

उल्लेखनीय है कि 2012 में भोजपुर जिले में जहरीली शराब से हुई 29 लोगों की मौत के मामले में मुख्य आरोपी राकेश सिंह ने दो दिन पूर्व अपने एक रिश्तेदार के साथ नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। सिंह ने रिश्तेदार हरिंदर सिंह और नीतीश के साथ सेल्फी ली थी और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया था। इसके बाद यह तस्वीर वायरल हो गई।

इस तस्वीर के वायरल होने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री को ‘छवि कुमार’ बताते हुए जोरदार निशाना साधा।

तेजस्वी ने यहां मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “नीतीश कुमार शराबबंदी का ढोंग कर रहे हैं। जद (यू) के पदाधिकारी ही जहरीली शराब का धंधा कर पार्टी फंडिंग करते हैं। फिर ‘छवि कुमार’ (नीतीश कुमार) उन्हें मुख्यमंत्री आवास बुलाकर ‘सेल्फी’ से नवाजते हैं।”

बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी ने शराब माफिया व जद (यू) नेता राकेश सिंह के साथ मुख्यमंत्री की तस्वीर वायरल होने के बाद सवालिया लहजे में कहा कि क्या यह तस्वीर यह साबित नहीं करती कि मुख्यमंत्री शराब को बढ़ावा दे रहे हैं?

उन्होंने कहा, “जहरीली शराबकांड के अभियुक्त को सम्मानित क्यों किया गया? नीतीश जी बताएं क्या सुशासन का यही फार्मूला है?”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493