बिहार : स्वर्ण पदक जीतने पर श्रेयसी को नीतिश की बधाई

पटना, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में राष्ट्रमंडल खेल 2018 में निशानेबाजी की डबल ट्रैप स्पर्धा में भारतीय महिला निशानेबाज श्रेयसी सिंह के स्वर्ण पदक जीतने पर बिहार में खुशी का माहौल है। बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्‍जवल भविष्य की कामना की है।

निशानेबाज श्रेयसी सिंह बिहार की रहने वाली हैं।

राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा, “बिहार की बेटी श्रेयसी ने राष्ट्रमंडल खेलों की निशानेबाजी स्पर्धा के महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीत कर अपने गृह राज्य बिहार व भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है।”

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी श्रेयसी को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रेयसी सिंह ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य एवं देश को गौरवांवित किया है।

उन्होंने कहा, “श्रेयसी सिंह प्रगति की ऊंचाई के शीर्ष पर पहुंचें और प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करती रहें, ऐसी मेरी कामना है।”

बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी व पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी श्रेयसी को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी है।

श्रेयसी पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह और बांका की पूर्व सांसद पुतुल कुमारी की बेटी हैं। उनके स्वर्ण पदक जीतने के बाद बांका और जमुई में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों का कहना है कि श्रेयसी ने एक बार फिर अपनी उपलब्धि से पूरे राज्य को गौरवांवित किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493