बिहार : स्वाभिमान रैली में दिखेगी महागठबंधन की ताकत

पटना, 30 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में रविवार को सत्तारूढ़ महागठबंधन की ‘स्वाभिमान रैली’ को लेकर समर्थकों का आना जारी है। हजारों कार्यकर्ता व समर्थक गांधी मैदान पहुंच चुके हैं। रैली में लोगों का आना लगातार जारी है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव शिरकत करेंगे। समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से शिवपाल सिंह यादव के आने की संभावना है। हालांकि महागठबंधन के सूत्रधार और सपा के प्रमुख मुलायम सिंह यादव नहीं आ रहे हैं।

स्वाभिमान रैली को लेकर समर्थकों का हुजूम गांधी मैदान पहुंच रहा है। इस कारण पटना में जगह-जगह सड़क जाम का नजारा है। गांधी मैदान के चारो ओर सड़कें समर्थकों से पट गई हैं। सड़कों पर आवागमन ठप्प है।

कांग्रेस की बिहार इकाई के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने बताया कि सोनिया गांधी दिल्ली से पटना दोपहर करीब 12 बजे पहुंचेंगी और रैली में हिस्सा लेने के बाद दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।

अक्टूबर-नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में राजद, जदयू व कांग्रेस का महागठबंधन चुनाव मैदान में होगा, जिसका सामना केंद्र में सत्तारूढ़ राजग को करना है।

गांधी मैदान में दो मंच बनाए गए हैं। मुख्य मंच पर केवल वे नेता ही रहेंगे जो सभा को संबोधित करने वाले हैं। रैली में सोनिया गांधी भी शामिल हो रही हैं। इसके मद्देनजर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है।

पटना के जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि गांधी मैदान में चप्पे-चप्पे पर निगरानी के लिए 4,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। रैली की सुरक्षा को लेकर मैदान से लेकर पूरे शहर तक सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि स्वाभिमान रैली में भारी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493