मुजफ्फरपुर, 16 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के बरूराज थाना क्षेत्र से पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के एक स्वयंभू एरिया कमांडर सहित तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से कई हथियार और मादक पदार्थ भी बरामद किए गए हैं।
मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रंजीत कुमार मिश्रा ने बताया कि बरूराज थाना इलाके में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक एरिया कमांडर समेत तीन कुख्यात नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि उनके पास से चार पिस्तौल, 12 गोली और नक्सली पर्चा के साथ, जेब में रखी 250 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा नेपाली खुखरी और चाकू भी बरामद किए गए हैं। बरामद हेरोइन की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में ढाई लाख रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, इस क्षेत्र में पहली बार किसी नक्सली के पास से मादक पदार्थ जब्त किया गया है।
मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान वसीम अकरम, राजा बाबू और रमेश महतो के रूप में की गई है।
पुलिस फिलहाल नक्सलियों से पूछताछ कर रही है।
dharmpath.com dharmpath