मुंगेर, 28 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से पुलिस ने सोमवार को एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके घर से 15 पिस्तौल व 50 जिंदा कारतूस बरामद किए।
मुंगेर के पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पंचायत चुनाव को लेकर हथियार तस्कर मोहम्मद नौशाद हथियारों की एक बड़ी खेप आपूर्ति करने वाला है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने मिर्जापुर बरदह गांव निवासी मोहम्म्द नौशाद उर्फ नाशिया के घर पर छापेमारी की।
पुलिस ने नौशाद को गिरफ्तार कर उसके घर से 15 पिस्तौल और 50 जिंदा कारतूस बरामद किए।
भारती ने बताया कि गिरफ्तार नौशाद वर्ष 2011 में भी अवैध हथियार की तस्करी के मामले में तथा वर्ष 2013 में तीन लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट के कारोबार के मामले में जेल जा चुका है। इन दोनों मामले में वह जमानत पर है। पुलिस गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि मुंगेर अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के लिए चर्चित रहा है।
dharmpath.com dharmpath