मुंगेर, 16 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुंगेर जिले के ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र से पुलिस ने शनिवार को एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया और उसके पास से 20 अर्धनिर्मित पिस्तौल बरामद की।
मुंगेर के पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने शनिवार को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि रोहित कुमार नाम का एक हथियार तस्कर जमालपुर रेलवे स्टेशन के समीप सोनू नाम के एक युवक को स्वचालित पिस्तौल की एक बड़ी खेप देने आ रहा है। इसी आधार पर पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने जमालपुर रेलवे स्टेशन के समीप रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। रोहित के पास से 20 अर्धनिर्मित पिस्तौल बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि रोहित कोतवाली थाना क्षेत्र के सादीपुर का रहने वाला है। भारती ने बताया कि पुलिस गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
dharmpath.com dharmpath