आरा, 26 जून (आईएएनएस)। बिहार के भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक शादी समारोह में बारातियों के मनोरंजन के लिए चल रहे गीत-संगीत कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग के दौरान एक नाबालिग को गोली लग गई, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, फुहां गांव के रहने वाले जयप्रकाश सिंह के बेटे पवन सिंह की बारात सोमवार को सिमरिया बड़हरा गांव गई थी। यहां बरातियों के मनोरंजन के लिए नाच-गान की व्यवस्था की गई थी, जहां कई लोगों ने हर्ष फायरिंग की।
इसी दौरान एक गोली वहां मौजूद एक 15 वर्षीय नाबालिग राघवेंद्र कुमार सिंह को लग गई, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मृत नाबालिग दूल्हे का चचेरा भाई बताया जा रहा है।
बड़हरा के थाना प्रभारी कमलेश पासवान ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath