बिहार : 15 दिन बाद समाधि से निकले बाबा प्रमोद!

मधेपुरा, 14 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मधेपुरा जिला के चौसा थाना क्षेत्र में बाबा प्रमोद 15 दिनों की भूमिगत समाधि के बाद सोमवार को सकुशल बाहर निकल आए। इसके बाद जिला प्रशासन ने उनके स्वास्थ्य का परीक्षण कराया और बाबा को पूरी तरह स्वस्थ बताया। यह जानकारी पुलिस ने दी।

चौसा के थाना प्रभारी सुमन कुमार ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि बाबा की समाधि के लिए 10 फुट लंबा, 10 फुट चौड़ा और 15 फुट गहरा एक गड्ढा खोदा गया था तथा उसके भीतर बाबा के बैठ जाने पर श्रद्धालुओं ने उसे मिट्टी और कपड़े से ढक दिया था।

इस संबंध में मधेपुरा के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि प्रशासन को इस बारे में रविवार को पता चला। प्रशासन ने बाबा को समाधि से बाहर निकालने के लिए उस स्थान पर खुदाई शुरू करवाई। इस मौके पर अनुमंडल अधिकारी, अनुमंडल पुलिस अधिकारी और चिकित्सक के अलावा बाबा के हजारों श्रद्धालु भी समाधि स्थल पर उपस्थित थे।

उन्होंने बताया कि बाबा को समाधि लेते हुए किसी ने नहीं देखा था, इसलिए यह पुष्टि नहीं की जा सकती कि उन्होंने समाधि ली थी या नहीं। लेकिन भक्तों का दावा है कि बाबा 28 फरवरी को ‘समाधि’ में बैठ गए थे।

मधेपुरा के सिविल सर्जन डॉ़ जी़ पी़ पांडेय ने कहा कि यह कोई बड़ी बात नहीं है। ऐसे लोग साधक होते हैं और तैयारी के साथ समाधि लेते हैं। उन्होंने मेढक का उदाहरण देते हुए कहा, “हाइबरनेशन’ के जरिए व्यक्ति या मेढ़क अपने बॉडी को उस लायक बना लेता है, जिससे उसे भूख नहीं लगती है।” हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सामान्य व्यक्ति के लिए यह आसान नहीं है।

ग्रामीणों के अनुसार, नाथ बाबा मंदिर परिसर में सोमवार से प्रारंभ होने वाले पांच दिवसीय विराट महाविष्णु यज्ञ को सफल बनाने के लिए बाबा ने समाधि ली। वैसे कई लोग इसे अंधविश्वास भी मान रहे हैं। समाधि से निकलने के बाद बाबा ने अपने भक्तों का अभिवादन स्वीकार किया और मंदिर में चले गए। इस दौरान उन्होंने किसी से बात नहीं की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493