मुंगेर, 21 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र से पुलिस ने सोमवार को एक इनामी कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है।
मुंगेर के पुलिस अधीक्षक वरुण कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर औराबगीचा क्षेत्र से कुख्यात अपराधी रामगुलाम यादव को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह एक रिश्तेदार के घर पहुंचा।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी की पुलिस को वर्ष 2007 से तलाश थी। रामगुलाम की गिरफ्तारी के लिए राज्य सरकार की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
सिन्हा ने बताया कि रामगुलाम यादव की मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना और पड़ोसी खगड़िया जिले के मानसी थाना पुलिस के साथ मुठभेड़, हत्या, रंगदारी एवं डकैती जैसे एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले लंबित हैं। पुलिस गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ कर रही है।
dharmpath.com dharmpath