नई दिल्ली, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के मुख्य अभियंताओं और उपकरण प्रबन्धन का वार्षिक सम्मेलन पुणे के जीआरईएफ केन्द्र में सोमवार से शुरू हुअा। यह सम्मेलन 20 दिसम्बर तक चलेगा।
बीआरओ की तरफ से यहां जारी बयान के अनुसार, तीन दिवसीय इस सम्मेलन में सीमा सड़क के महानिदेशक और विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े इसके 18 मुख्य अभियंता हिस्सा ले रहे हैं। यह सम्मेलन बीआरओ के भविष्य के कामकाज और वर्तमान प्रदर्शन के मूल्यांकन सहित कई महत्वपूर्ण मसलों पर विचार-विमर्श के लिए मंच प्रदान करता है।
बयान के अनुसार, रक्षा राज्यमंत्री सुभाष भामरे 19 दिसम्बर को सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे।
बीआरओ सेना के रणनीतिक और ऑपरेशनल ढांचे के लिए आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह संगठन सीमा से सटे क्षेत्रों में सामाजिक आर्थिक विकास में भी योगदान देता है।
बीआरओ करीब 52,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कर चुका है। इसके अलावा 598 महत्वपूर्ण स्थायी पुलों का निर्माण कर चुका है, जिनकी लम्बाई 49,200 मीटर है। संगठन ने दुर्गम और दूर-दराज के क्षेत्रों में 19 हवाईपट्टियों का निर्माण किया है। बीआरओ पांच हवाईपट्टियों और 4325 किलोमीटर लंबी 180 सड़कों से बर्फ हटाने काम भी करता है।
dharmpath.com dharmpath