नई दिल्ली, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। वाराणसी में शनिवार से भारतीय औषधियों का मेला शुरू हो रहा है। ‘आरोग्य’ नाम के इस मेले में कई शोध संस्थानों के साथ-साथ 80 निजी संगठन हिस्सा ले रहे हैं।
केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी है। बयान में बताया गया है, “आयुष के तहत आने वाली केंद्रीय शोध परिषदें, राष्ट्रीय संस्थाएं, नेशनल मेडिसिनल प्लांट बोर्ड (एनएमपीबी), इंडियन मेडिसिन्स फार्मास्युटिकल कारपोरेशन लिमिटेड (आईएमपीसीएल) और 80 निजी आयुष औद्योगिक संगठन शोध, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े उत्पादों को बढ़ावा देने में अपने योगदान को प्रदर्शित करेंगे।”
आयुष के तहत आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियां आती हैं।
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की मेजबानी में लगने वाले इस मेले का उद्घाटन आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीपद येस्सो नाइक करेंगे।
बयान में बताया गया है कि पांच देशों की आयुष कंपनियों ने मेले में भागीदारी पर सहमति जता दी है।
dharmpath.com dharmpath